तस्वीरों में दिखाई दे रही यह नमिता है, जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नमिता आठ महीने की गर्भवती थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मृतका के भाई रंजन का आरोप है कि जब वह बत्रा अस्पताल पहुंचे, तब तक उनकी बहन की मौत हो चुकी थी। उनका कहना है कि नमिता के गले पर निशान थे और उन्हें पूरा यकीन है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।
रंजन का आरोप है कि उसके जीजा का दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में इंटर्नशिप के दौरान किसी दूसरी महिला से संबंध था। नमिता ने इसका विरोध किया, जिसके चलते उसके पति और ससुराल पक्ष ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। मायके पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने मौके पर पति से सख्ती से पूछताछ नहीं की और न ही उसका मोबाइल फोन तत्काल अपने कब्जे में लिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस पक्ष वहीं, पुलिस इस मामले में फिलहाल कैमरे पर कुछ भी कहने से बच रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवाया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
नोट: रिपोर्ट में हत्या के आरोप मायके पक्ष के हैं। पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
