TODAY EXPRESS NEWS ( REPORT BY AJAY VERMA ) फरीदाबाद, 17 नवम्बर – वाईएमसीए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, फरीदाबाद द्वारा उपयोगकर्ताओं को ई-संसाधनों के उपयोग के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘ई-संसाधनों के प्रभावी उपयोग’ को लेकर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का संचालन विश्वविद्यालय के पुस्तकालय द्वारा किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं तथा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में कुलपति ने अनुसंधान कार्याें की गुणवत्ता में सुधार के लिए अधिक से अधिक ई-संसाधनों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं अकादमिक क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के लिए बेहद लाभकारी होती है तथा शोध कार्य में उनके समय की बचत भी करती है। उन्होंने विश्वविद्यालय पुस्तकालय द्वारा कार्यशाला के आयोजन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रतिवर्ष ई-संसाधनों पर काफी धन खर्च किया जाता है, इसलिए इन संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ई-संसाधनों का उपयोग फैकल्टी सदस्य रिमोर्ट एक्सेस द्वारा घर से भी कर सकते है।

