फरीदाबाद, 22 अक्टूबर। बडख़ल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप सिंह ने मंगलवार को उन सभी कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं का आभार जताया, जिन्होने दिन-रात एक करके उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर मेहनत की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं का दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिस प्रकार से बडख़ल विधानसभा क्षेत्र की जनता ने प्यार और सम्मान उनको दिया, वह उसके कर्जदार हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का कर्जा उनके द्वारा दी गई ताकत का इस्तेमाल उनकी सेवा में और क्षेत्र का विकास करके अदा करूंगा। विजय प्रताप सिंह ने मीडिया द्वारा दिखाए जा रहे एग्जिट पोल को गलत बताते हुए कहा कि इन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। आम जनता का रुख इस बार बदलाव का था और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का समय अब आ गया है। हरियाणा में चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है और प्रदेश के विकास के नए आयाम लिखने को हम तैयार हैं। विजय प्रताप ने कहा कि पिछले 5 सालों में बडख़ल विधानसभा क्षेत्र की जनता का जो तिरस्कार हुआ है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर बडख़ल विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड स्तर पर विकास कार्य कराए जाएंगे। एक नया विजन-नया विधानसभा क्षेत्र आप लोगों के सामने होगा। उन्होंने कहा कि बडख़ल झील जोकि न केवल बडख़ल बल्कि पूरे देश का गौरव है, उसको भरने का कार्य हमारे ही कर कमलों से होगा। क्षेत्र में विकास का नया खाका तैयार किया जाएगा, लोकल बॉडी तैयार कर विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। एक बार फिर उन्होंने सहयोग एवं योगदान करने वाले कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के तमाम मतदाताओं का दिल से आभार व्यक्त किया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSG.
