फरीदाबाद। दीपावली के पावन पर्व पर समाज में एकता, भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देने के उद्देश्य से ह्यूमन लीगल ऐड एंड क्राइम कंट्रोल आर्गेनाइजेशन द्वारा ओल्ड फरीदाबाद स्थित अग्रसेन भवन में भव्य दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजनेता, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि, पार्षद, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे। समारोह का शुभारंभ संस्था के संस्थापक अनुराग शर्मा और राष्ट्रीय महासचिव राधिका बहल ने किया। दोनों पदाधिकारियों ने आए हुए अतिथियों का मोती की माला और पटके देकर भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और लोगों को एक मंच पर जोड़ने का भी अवसर है। कार्यक्रम में यथार्थ हॉस्पिटल के ग्रुप डायरेक्टर डॉ. बालकिशन, वरिष्ठ भाजपा नेत्री आशा हुड्डा, भाजपा नेत्री अलका भाटिया,सतीश सिंगल उद्योगपति, सुमित गौड, पार्षद विनोद भाटी, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सचिव बिजेंद्र सौरत तथा अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा बबली अतिथियों ने संस्था द्वारा आयोजित इस सामाजिक मिलन की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन न केवल पर्व की खुशी बांटते हैं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और आपसी सौहार्द को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम की सबसे आकर्षक झलक फरीदाबाद के प्रसिद्ध गायक उत्तम माहौर के प्रस्तुतीकरण से बनी। उन्होंने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गानों पर मंच से लेकर सभागार तक तालियों की गड़गड़ाहट रही और दीपावली के उत्सव को यादगार बना दिया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ह्यूमन लीगल ऐड एंड क्राइम कंट्रोल आर्गेनाइजेशन लगातार कानूनी जागरूकता, अपराध नियंत्रण, सामाजिक सहयोग और जन-हित से जुड़े मुद्दों पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी समाज कल्याण, जागरूकता और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी मिलकर पर्व की खुशियां मनाईं। आयोजन को स्थानीय लोगों ने भी खूब सराहा और इसे समाजसेवा व सांस्कृतिक एकता का सफल उदाहरण बताया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 TENews. Designed by CSG.
