फरीदाबाद, 21 मार्च। युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से “मेरा युवा भारत – मेरी जिम्मेदारी” थीम पर पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे। यह आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। यह जानकारी हरियाणा सरकार में खेल मंत्री गौरव गौतम ने आज सूरजकुंड स्थित मानव रचना यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि 23 मार्च को शहीदी दिवस के अवसर पर देश के महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारत सरकार द्वारा माई भारत अभियान के अंतर्गत पूरे देश में युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा प्रदेश के फरीदाबाद जिले को राज्य स्तरीय मुख्य केंद्र बनाते हुए मेगा शहीद पदयात्रा “मेरा भारत मेरी जिम्मेदारी” का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें भारत सरकार में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। यह पदयात्रा एनआईटी 05 स्थित के एल मेहता वुमन कॉलेज से परिसर से प्रातः 07: 00 बजे प्रारंभ होकर एनआईटी 05 भगत सिंह चौक तक जाएगी। उन्होंने बताया की कार्यक्रम के समापन पर भगत सिंह चौक स्थित प्रतिमा स्थल पर माननीय मंत्री द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि कार्यक्रम के अंतर्गत 22 मार्च को श्रमदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से देश के प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाने में युवा अपनी भागीदारी निभाएंगे। 23 मार्च को शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात सुबह पदयात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस में युवा सहित समाज के सभी वर्गों के लोग भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर, बैच और संदेशों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को एक सूत्र में जोड़ने, राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि शहीदी दिवस पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSG.
