फरीदाबाद |पुलिस द्वारा अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा भूपानी ने कार्रवाई करते हुए सट्टा खाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ₹2,200 की नकदी बरामद हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 22 जुलाई को अपराध शाखा भूपानी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बल्लभगढ़-मोहन रोड स्थित शारदा राठौर ऑफिस के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा खाई कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तेजपाल, निवासी सुभाष कॉलोनी, फरीदाबाद को सट्टा खाई करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹2,200 नकद बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना आदर्श नगर में जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
