मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का आधिकारिक ट्रेलर गुरुवार को लॉन्च कर दिया गया। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया और दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ट्रेलर में भगवान श्रीराम के रूप में रणबीर कपूर, माता सीता के किरदार में साई पल्लवी और रावण के दमदार अवतार में यश की पहली झलक ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
करीब तीन मिनट के ट्रेलर में भगवान राम के वनवास, सीता हरण, लंका और राम-रावण युद्ध की झलक बेहद भव्य अंदाज में दिखाई गई है। फिल्म के शानदार विजुअल इफेक्ट्स (VFX), सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अलावा सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता समेत कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
निर्माता नमित मल्होत्रा ने ट्रेलर को ब्रह्म मुहूर्त में वैश्विक स्तर पर लॉन्च किया। उनका कहना है कि इस फिल्म का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और रामायण की कथा को दुनिया भर के दर्शकों तक भव्य रूप में पहुंचाना है।
‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका दूसरा भाग अगले वर्ष रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
ट्रेलर वीडियो ,
