फरीदाबाद। अग्रवाल वैश्य परिवार, ग्रेटर फरीदाबाद की ओर से आयोजित अग्रसेन प्रीमियर लीग (APL-2026) की भव्य शोभायात्रा रविवार को निकाली गई। शोभायात्रा में 20 विंटेज कारों के काफिले के साथ समाज की सैकड़ों गाड़ियां शामिल हुईं। इससे शहर में उत्साह और सामाजिक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
Forteasia Group के MD संदीप मंगला ने झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। मार्ग में JCB मशीनों से पुष्पवर्षा भी की गई। शहर के कई स्थानों पर तोरण द्वार, पुष्पवर्षा और अल्पाहार की व्यवस्था कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
सेक्टर-28-31 अग्रवाल सभा के प्रधान कपिल गर्ग के नेतृत्व में समाज के लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। विभिन्न क्षेत्रों में ढोल-नगाड़ों के साथ समाजबंधुओं ने काफिले का अभिनंदन किया।
हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सागर सिनेमा स्थित अपने कार्यालय पर शोभायात्रा का स्वागत किया। उन्होंने APL को युवाओं को खेलों से जोड़ने और समाज में एकता, भाईचारे व सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली पहल बताया। यहां समाजबंधुओं के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई।
इसके बाद सेक्टर-79 स्थित Auric Group के चेयरमैन संदीप अग्रवाल के कार्यालय पर भी शोभायात्रा का स्वागत किया गया और अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
शोभायात्रा में APL संयोजक एवं अग्रवाल वैश्य परिवार, ग्रेटर फरीदाबाद के प्रधान युगल मित्तल, शोभायात्रा चेयरमैन अमर बंसल सहित समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा व समाजबंधु शामिल हुए।
18 गोत्रों की टीमें लेंगी हिस्सा
APL-2026 का आयोजन 27 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 तक HR Sports Complex, गांव कंवरा, सेक्टर-95, फरीदाबाद में होगा। T-20 प्रारूप की इस प्रतियोगिता में अग्रवाल समाज के 18 गोत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी और करीब 25 मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के मुकाबले दूधिया रोशनी में होंगे। 27 सितंबर को उद्घाटन समारोह में 18 टीमों का मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और APL थीम सॉन्ग सहित कई कार्यक्रम होंगे।
APL का थीम सॉन्ग गायिका अनुपमा दास मित्तल ने प्रस्तुत किया है। प्रतियोगिता का फाइनल 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर होगा। इस दौरान पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार APL का उद्देश्य समाज के युवाओं को खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक एकता से जोड़ना है।
