टुडे एक्सप्रेस न्यूज़ / रिपोर्ट अजय वर्मा /फरीदाबाद। श्रीराम सोसाइटी ऑफ रियल एजुकेशन, इंटरनेशनल यूनाइटेड एजुकेशनिस्ट फ्रेटरनिटी ट्रस्ट एवं हरियाणा प्रोगेसिव स्कूल कांफ्रेंस के सहयोग से 11 अक्टूबर को फरीदाबाद के अमृता अस्पताल में “अंतर्राष्ट्रीय शांति सम्मेलन: शिक्षा जगत में मानसिक शांति और समग्र कल्याण की दिशा में अनूठी पहल” विषय पर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर के शिक्षाविद, शिक्षा प्रणाली में मानसिक रूप से मजबूती पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का पोस्टर फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी, श्रीराम सोसायटी ऑफ रियल एजुकेशन की चेयरपर्सन डॉ अमृता ज्योति सिंधु ने किया।
इस सम्मेलन का उद्देश्य शिक्षा जगत में मानसिक स्वास्थ्य, आंतरिक शांति और नैतिक मूल्यों के पुनर्संवर्धन पर संवाद स्थापित करना है, ताकि शिक्षक समुदाय को भावनात्मक सशक्तिकरण और संतुलित जीवन-दृष्टि की प्रेरणा मिल सके।
कार्यक्रम संयोजिका डॉ. अमृता ज्योति सिंधु ने बताया कि एक स्वस्थ समाज की नींव मानसिक शांति और शिक्षा में निहित नैतिक मूल्यों पर टिकी होती है। यह सम्मेलन शिक्षकों और शिक्षा संस्थानों को जीवन के सही दृष्टिकोण से प्रेरित करने का मंच प्रदान करेगा। इस आयोजन में देशभर के 400 से अधिक स्कूलों के लगभग 2,500 स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और शिक्षक भाग लेंगे। विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञ वक्ता मानसिक स्वास्थ्य, करुणा, सहानुभूति और शिक्षा में गरिमा के मूल्यों पर विचार साझा करेंगे।
उन्होंने बताया कि शिक्षा केवल ज्ञान का साधन नहीं, बल्कि जीवन मूल्य और मानसिक कल्याण की दिशा में मार्गदर्शक शक्ति है। यह सम्मेलन इसी भावना को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मेयर श्रीमती जोशी ने सम्मेलन के उद्देश्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बदलते आधुनिक परिवेश में मानसिक शांति अत्यंत जरूरत है। निश्चित तौर पर इस तरह के सम्मेलन से शिक्षकों के साथ-साथ बच्चों को भी लाभ मिलेगा। इस मौके पर आईटी विशेषज्ञ सरोज कुमार और धर्मपाल रावत मौजूद थे।
