फरीदाबाद, 10 मई, 2026*: मदर्स डे के अवसर पर उद्देश्य और जज़्बे का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पीटल फरीदाबाद ने, हार्ले ओनर्स ग्रुप (एचओजी), हार्ले डेविडसन कैपिटल चैप्टर दिल्ली/एनसीआर के साथ मिलकर ‘व्हील्स ऑफ ग्रेस’ का आयोजन किया। इस प्रेरक बाइक रैली का आयोजन महिलाओं की सेहत, उनके साहस और दृढ़ता का जश्न मनाने के मकसद से किया गया था।
रैली ने बाइकिंग प्रेमियों, हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स और फिटनेस एडवोकेट्स को एकजुट किया और प्रीवेंटिव हेल्थ तथा वेलनेस के महत्व को बढ़ावा देने के साथ-साथ मातृत्व की भावना का भी जश्न मनाया। इस बाइकर्स रैली को आईपीएस अधिकारी हिमाद्रि कौशिक, डीसीपी फरीदाबाद ने सवेरे 6:30 बजे झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली की शुरुआत फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, फरीदाबाद से हुई, जिसके बाद यह नीलम चौक फ्लाईओवर को पार करते हुए मथुरा रोड के रास्ते कोसी कलां की ओर बढ़ी, फिर कर्मन टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर वापस फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, फरीदाबाद पहुंची। रैली ने करीब 150 किलोमीटर की दूरी तय की।
रैली प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, *आईपीएस हिमाद्रि कौशिक, डीसीपी फरीदाबाद* ने कहा, “मातृत्व वास्तव में, साहस, दृढ़ता और निस्स्वार्थ समर्पण भावना का सबसे विशुद्ध रूप है। ‘व्हील्स ऑफ ग्रेस’ जैसी पहल मातृत्व की भावना का जश्न मनाने के साथ ही माताओं की हेल्थ और फिटनेस को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण संदेश भी देती है। मैं फोर्टिस एस्कॉर्ट्स फरीदाबाद को इस तरह का सार्थक मंच तैयार करने के लिए बधाई देती हूं जो न केवल माताओं का सम्मान करता है बल्कि उन्हें अपनी फिटनेस को जिंदगी जीने के तौर-तरीके के रूप में अपनाने को भी प्रेरित करता है।”
रैली में भाग लेने वाली एक महिला राइडर ने कहा, “एक मां का सफर भी लंबी दूरी की राइड की तरह ही होता है, जो चुनौतियों, सहनशीलता, त्याग और अटल संकल्प से भरा होता है। ‘व्हील्स ऑफ ग्रेस’ का हिस्सा बनना मेरे लिए काफी मायने रखता है, क्योंकि यह न सिर्फ मातृत्व का जश्न मना रहा है बल्कि उस साहस की भावना का भी सूचक है जिसे हर महिला अपने दिल में रखती है। इस महत्वपूर्ण संदेश को आगे बढ़ाते हुए अन्य राइडर्स के साथ मिलकर बाइक रैली में हिस्सा लेना इस बात को भी दोहराता है कि हेल्थ और फिटनेस, हमारे खुद के लिए और हमारे परिवारों के लिए भी आगे बढ़ने के लिए जरूरी है। ऐसी पहल का हिस्सा बनना सम्मान का विषय है जो महिलाओं की ताकत का जश्न मनाती है और सेहतमंद जीवन जीने के लिए प्रेरित करती है।”
*श्री मोहित सिंह, जोनल डायरेक्टर, फोर्टिस हेल्थकेयर* ने कहा, “माताएं हमारे समाज की रीढ़ होती हैं। ‘व्हील्स ऑफ ग्रेस’ के माध्यम से, हम उनके साहस, समर्पण-त्याग और बिना किसी शर्त या अपेक्षा के देखभाल करने की भावना का जश्न मनाने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को फिटनेस एवं प्रीवेंटिव हेल्थकेयर को जिंदगी के अनिवार्य हिस्से के तौर पर अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं।”
*डॉ अभिषेक शर्मा, फेसिलिटी डायरेक्टर, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स फरीदाबाद* ने कहा, “अच्छी सेहत की शुरुआत जागरूकता और एक्शन के साथ होती है। इस अनूठी पहल के जरिए, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स फरीदाबाद ने सर्वांगीण स्वास्थ्य, प्रीवेंटिव देखभाल, सामुदायिक जुड़ाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जारी रखते हुए, महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित किया है क्योंकि स्वस्थ महिलाएं ही किसी भी स्वस्थ राष्ट्र की रीढ़ होती हैं।”
