चंडीगढ़। इनसो (इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन) 5 अगस्त को चंडीगढ़ में अपना 24वां स्थापना दिवस मनाएगी। इस बार कार्यक्रम को ‘छात्र विजय दिवस’ के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने दी।
हिसार में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक
मंगलवार को हिसार में इनसो की नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में स्थापना दिवस की तैयारियों और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि चंडीगढ़ में होने वाले कार्यक्रम में हरियाणा के युवाओं की आवाज बुलंद की जाएगी। इसके अलावा छात्र संघ चुनाव की बहाली, विद्यार्थियों के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।
छात्र संघ चुनाव बहाली पर आंदोलन
दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में छात्र संघ चुनाव नहीं होने से छात्र लोकतंत्र प्रभावित हो रहा है। इसलिए 15 अगस्त से पूरे हरियाणा में हस्ताक्षर अभियान और पोस्टर अभियान शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इनसो सरकार को एक महीने का समय देगी। यदि इस दौरान छात्र संघ चुनाव बहाली पर फैसला नहीं हुआ, तो संगठन प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगा।
कई युवाओं ने जेजेपी की सदस्यता ली
बैठक के दौरान गांव दुर्जनपुर के नवीन कोच, बलवीर लुहार, कुंदन, देवेंद्र, अज्जू, सुनील, वीर सिंह, सुंदर, सुभाष, अमन, संदीप, राजवीर पचोर और जॉनी पचोर सहित कई युवाओं ने जेजेपी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर इनसो प्रदेश अध्यक्ष दीपक मलिक, सतेंद्र झाबुआ, हरेंद्र बेनीवाल, अज्जू घनघस, उर्वशी अरोड़ा, सपना टांक, हरिकेश ढांडा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
