चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा सरकार से भर्ती और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को HPSC भर्तियों, CET परीक्षा, रोजगार की स्थिति और HKRN कर्मचारियों से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक करना चाहिए।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सरकार यह स्पष्ट करे कि HPSC की भर्तियों में हरियाणा के युवाओं को कितना लाभ मिला और कितने बाहरी अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई। साथ ही उन्होंने मांग की कि CET परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों और अब तक पूरी हुई भर्तियों का पूरा विवरण भी सार्वजनिक किया जाए।
उन्होंने सरकार को उस घोषणा की भी याद दिलाई, जिसमें CET पास युवाओं को एक वर्ष तक नौकरी नहीं मिलने पर 9,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया था। उन्होंने पूछा कि अब तक इस योजना का लाभ कितने युवाओं को मिला है।
HKRN कर्मचारियों का मुद्दा उठाते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि करीब 1.20 लाख कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षा को लेकर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं और कर्मचारियों से किए गए वादों पर सरकार को जवाबदेही दिखानी चाहिए और सभी तथ्यों के साथ श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
