फरीदाबाद। राष्ट्रीय सेविका समिति द्वारा सेक्टर-76 के वाई ब्लॉक पार्क संघ स्थान में भव्य ‘भारत माता पूजन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना और राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित करना था।
भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। वातावरण में ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष गूंज उठे। समिति की सेविकाओं ने सामूहिक रूप से प्रार्थना और देशभक्ति गीतों का गायन किया, जिससे पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
मुख्य वक्ता सिकंदर ने अपने उद्बोधन में उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस के वास्तविक अर्थ और नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक सरकारी अवकाश या उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि यह आत्मचिंतन का दिन है। हमें यह विचार करना होगा कि जिस संविधान और स्वतंत्रता के लिए हमारे पूर्वजों ने बलिदान दिया, क्या हम उसका सही अर्थों में सम्मान कर रहे हैं?
रिपोर्ट अजय वर्मा
