फरीदाबाद में 11 मई को के सी सिनेमा के पास जंगल क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि एक राहगीर ने जब पेड़ से लटका शव देखा तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस इंस्पेक्टर के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास लग रही है। शुरुआती जांच में युवक के हाथ की नस कटी हुई पाई गई, वहीं वह पेड़ से लटका मिला। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला, जिसकी कॉल डिटेल की जांच करने पर युवक की पहचान इंद्रजीत निवासी एसजीएम नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
मौके पर मौजूद मुकेश नामक युवक ने बताया कि उसने पुलिस की मदद से शव को नीचे उतारा। उसके अनुसार मृतक की उम्र काफी कम लग रही थी।
वहीं बाद में मिली जानकारी के अनुसार इंद्रजीत पिछले कुछ समय से बेरोजगारी को लेकर परेशान चल रहा था और एक दिन पहले ही बिना बताए घर से निकल गया था।
हम अपने दर्शकों से भी अपील करते हैं कि जीवन में किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर हिम्मत न हारें। कठिन समय में अपने परिवार, दोस्तों या करीबी लोगों से खुलकर बात करें। हर समस्या का समाधान संभव है और संघर्ष के बाद सफलता जरूर मिलती है।
