संत रविदास का अपमान नहीं सहेंगे: कुमारी सैलजा

0
660

TODAY EXPRESS NEWS : सोनीपत, 16 सितंबर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जिस तरह से उत्साह लौटा है, उसे देखकर साफ लग रहा है कि हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर की सरकार चंद दिनों की मेहमान है। जनता के आर्शीवाद से हरियाणा की आन, शान और बान की रक्षा करने वाली कांग्रेस की सरकार फिर से लौटेगी। करनाल के बाद सोनीपत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की विशाल सभा को संबोधित करते हुए नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा के लोग दिल्ली में हुए संत रविदास के अपमान से नाराज हैं और महापुरुषों का अनादर करने वालों को सही ठिकाने पर लगा देंगे।

गौरतलब है कि दिल्ली के संत रविदास मार्ग स्थित 400 साल से ज्यादा पुराने मंदिर को गिराने के विरोध में करनाल और सोनीपत में दलित दमनित समाज और शोषित वर्ग के लोगों ने धरना प्रदर्शन कर रखा है। इनसे मिलने के बाद ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा और विपक्ष के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करने पहुंचे।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कुमारी सैलजा बोलीं कि वो जो चाहे कुछ भी करें और क्या हम विरोध भी न करें। अफसोस है कि यह सरकार मीडिया का मुंह बंद करने में लगी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे ग्रांड इम्पेरियल लॉन में लोगों को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि सोनीपत मिसाल है कि खटर-पटर कर चलती मनोहर खट्टर की सरकार ने पांच साल में पूरे हरियाणा को धकेलकर गहरे गड्ढे में फंसा दिया है। चुनाव के बाद राज्य को उबारने की जिम्मेदारी फिर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आने वाली है। बस जरूरत एकजुटता से लगने की है, घर-घर पहुंचकर लोगों के दुख तकलीफ से जुड़ने की है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में बने रहने के लिए ‘बांटो और राज करो’ की नीति का इस्तेमाल किया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पांच साल तक सत्ता का मजा लूटती रही और अब जाते वक्त एनआरसी लागू करने का झांसा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार की हार तो तय है। यह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मेहनत पर निर्भर है कि हार का मार्जिन कितना विशाल होगा।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सुनहरे दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य को बड़ी शिद्दत से संवारा था। हरियाणा के लोगों का पर कैपिटा इनकम सबसे ज्यादा था, तो उसमें सोनीपत के लोगों का, किसानों का, उद्यमियों का बड़ा योगदान था। लेकिन मौजूदा सरकार ने गिन-गिनकर बदला लिया और हरियाणा तरक्की के मार्ग से फिसलकर धड़ाम से नीचे गिर पड़ा है। उन्होंने स्थानीय कांग्रेस वर्कर्स को लोकसभा चुनाव की गलती दोहराने से बचने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि आम सहमति के बाद कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किया जाएगा, जिसमें साफ किया जाएगा कि मोटर व्हिकल एक्ट हरियाणा में लागू नहीं होगा। कांग्रेस खट्टर सरकार की तरह नहीं है जिसने घोषणापत्र में किए गए 154 वादों में से पांच साल में किसी को पूरा नहीं किया।

( टुडे एक्सप्रेस न्यूज़ के लिए अजय वर्मा की रिपोर्ट )


CONTACT FOR NEWS : JOURNALIST AJAY VERMA – 9716316892 – 9953753769
EMAIL : todayexpressnews24x7@gmail.com , faridabadrepoter@gmail.com

LEAVE A REPLY