फरीदाबाद। फरीदाबाद स्टील शीट गबन मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्टील कंपनी के गोदाम से लाखों रुपये की स्टील शीट के गबन मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 टन स्टील शीट बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवहरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम कोटिया चित्रा, जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में एनआईटी-1, फरीदाबाद में रह रहा था।
कैसे सामने आया गबन का मामला?
पुलिस के अनुसार, गांव धतीर (जिला पलवल) निवासी योगेश डागर ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 जून 2026 को कंपनी के सेक्टर-59 स्थित गोदाम में स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें करीब 3 से 4 टन स्टील शीट कम पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
अपराध शाखा सेक्टर-56 की जांच में सामने आया कि शिवहरी ‘सुदीप इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्म संचालित करता है। आरोप है कि उसने कंपनी के तत्कालीन मैनेजर रोहित के साथ मिलकर स्टील शीट गबन की साजिश रची।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी कम मात्रा में स्टील शीट का ऑर्डर देता था, जबकि मैनेजर रोहित अधिक मात्रा में माल भिजवा देता था। अतिरिक्त स्टील शीट के बदले आरोपी तय रकम मैनेजर को देता था।
2 टन स्टील शीट बरामद
पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 टन स्टील शीट बरामद की है। इस मामले में कंपनी के मैनेजर रोहित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
