फरीदाबाद: जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 20 बोतल अंग्रेजी शराब और 54 पव्वे देशी शराब बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस चौकी सिकरी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विष्णु, निवासी गांव भिडोसा, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 20 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने कार्रवाई करते हुए अमन कुमार, निवासी शिव एन्क्लेव पार्ट-2, इस्लामपुर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 54 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद शराब को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
