आगामी विधानसभा चुनाव में सिर्फ दुष्यंत चौटाला और सीएम मनोहर लाल के बीच मुकाबला – दिग्विजय चौटाला

0
614

TODAY EXPRESS NEWS :हिसार/चंडीगढ़, 12 जुलाई। प्रदेश में अक्टूबर में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में जननायक जनता पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा दुष्यंत चौटाला होंगे। प्रदेश से कांग्रेस आपसी गुटबाजी के चलते स्वयं खत्म हो गई है और इनेलो के हालात किसी से छिपे नहीं है और दोनों दलों के पास सीएम का कोई चेहरा नहीं है। जो राजनैतिक हालात बने हैं, उससे जाहिर है कि प्रदेश में अक्टूबर में होने जा रहे विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला के चेहरे के बीच होगा। यह बात जननायक जनता पार्टी के युवा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने कही। वे आज हिसार स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे थे।

इस दौरान दिग्विजय सिंह चौटाला ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि लोकसभा का चुनाव मोदी-राहुल गांधी के बीच हुआ था और राहुल पीएम पद की रेस में बुरी तरह से पिछड़ गए और लोगों ने नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में चुना। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने पांच वर्ष में मनोहर लाल खट्टर का नेतृत्व भी देख लिया है।

उन्होंने कहा कि आज कर्मचारी वर्ग पूरी तरह से सीएम मनोहर लाल खट्टर की नीतियों से परेशान है। आज तक प्रदेश के कर्मचारियों को मकान किराया भत्ता (एचआरए ) नहीं दिया है। विभिन्न विभागों में पदोन्नतियां लटकी है, किसानों की फसलों के दाम नहीं मिल रहे हैं, व्यापारी व दुकानदार इंस्पेक्टरी राज से दुखी हैं।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि गरीबों के लिए सरकारी अस्पतालों में न इलाज की सुविधा है और न ही स्कूलों में शिक्षा की उचित व्यवस्था। अधिकांश गांवों में लोगों के लिए स्वच्छ पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता हरियाणा को नंबर वन बनाना चाहती है और दुष्यंत चौटाला जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगें।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि संघर्ष का दौर और संघर्ष से ही सत्ता का रास्ता निकलेगा। कार्यकर्ता जेजेपी की कल्याणकारी नीतियों के बारे में घर-घर जाकर बताएं और दुष्यंत चौटाला के नई व विकासत्मक सोच से अवगत करवाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी के सत्ता में आने पर कर्ज माफी की गई घोषणा को लेकर गांवों में कर्जवान किसानों से एक फार्म भरवाने का अभियान शुरू करवाया है, इस अभियान को सूक्ष्म स्तर पर लागू करें जिसका लाभ विधानसभा चुनावों में मिलना तय है।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार वृद्धावस्था पेंशन व बेरोजगार युवकों को फार्म भरवाने के लिए चलाए जा रहे अभियान को गंभीरता से लें, इसके सकारात्मक व लाभकारी परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता में आने पर जेजेपी रोजगार मेरा अधिकार कानून बनाएगी जिसके कि हर हाथ में रोजगार होगा।

बैठक में जिला प्रधान जयपाल बांडाहेड़ी, विधायक अनूप धानक, महिला प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, वरिष्ठ नेता पूर्ण सिंह डाबड़ा, पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र लितानी, धारा सिंह, राजमल काजल, सजन लावट, अमित बूरा, सुरेंद्र कौर खर्ब, सेवापति पानू, कृष्णा, महावीर खर्ब,भरत सिंह बैनिवाल, कर्ण सिंह दैपल, ओमप्रकाश सरपंच, छाजूराम कैप्टन, बागवीर पनिहार, प्रहलाद सिंह सैनी, उमेद खन्ना, सहदेव यादव, गुलाब सिंह खेदड़, मदन चौहान, राजकुमार वाल्मीकि, राजकुमार भोला, राजीव शर्मा सहित अन्य सेलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

( टुडे एक्सप्रेस न्यूज़ के लिए अजय वर्मा की रिपोर्ट )


CONTACT FOR NEWS : JOURNALIST AJAY VERMA – 9716316892 – 9953753769
EMAIL : todayexpressnews24x7@gmail.com , faridabadrepoter@gmail.com

LEAVE A REPLY