फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में राज्यमंत्री राजेश नागर ने सोमवार को तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर नगर निगम, एफएमडीए और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मंत्री ने विशेष रूप से BPTP बिल्डर द्वारा विकसित सेक्टरों में विकास कार्यों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने इन कार्यों की निष्पक्ष जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राजेश नागर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता तिगांव विधानसभा के सभी लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराना और क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, सीवर, जल निकासी तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर क्या बोले मंत्री
कांग्रेस के प्रदर्शन और राहुल गांधी के विरोध को लेकर पूछे गए सवाल पर राज्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष हर मुद्दे पर राजनीति करने में लगा है, जबकि प्रधानमंत्री देश के बच्चों से संवाद कर सकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
ब्रजभूषण मामले पर टिप्पणी से किया इनकारa
ब्रजभूषण शरण सिंह से जुड़े महिला खिलाड़ियों के कथित उत्पीड़न मामले में अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि यह पूरी तरह न्यायालय का विषय है। उन्होंने कहा कि अदालत ने जो निर्णय दिया है, उस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।
